Monday, May 2, 2011

आप अपने क़लम की हत्या किस कुसूर के बदले कर रहे हैं ?


‘मैं आज से हिंदी ब्लॉगिंग छोड़ रहा हूं। मेरा मन बहुत खिन्न है। एक बहुत बड़ी ज्ञानी हस्ती को मैंने इन्वाइट किया और उनका प्रोग्राम ही कैंसिल कर दिया। यह उनकी बहुत बड़ी इन्सल्ट है। यह उनकी नहीं बल्कि मेरी इन्सल्ट है। जहां हमारी इन्सल्ट हो वहां हमें रहना ही नहीं है।‘
कुछ इस तरह की मनोदशा में, आवेश में आकर खुशदीप जी ने हिंदी ब्लॉगिंग को अलविदा कह डाला, जो कि यक़ीनन ग़लत है। इसे ग़लत कहने वाले केवल हम ही नहीं हैं बल्कि सौ से ज़्यादा ब्लॉगर्स इसे ग़लत बता रहे हैं और जो भी सुनेगा वही इस फ़ैसले को ग़लत बताएगा लेकिन भाई खुशदीप साहब अब तक अड़े पड़े हैं अपनी ग़लती पर। अपनी ग़लती पर अड़े रहना ग़लती करने से भी बड़ी ग़लती है। जो अपनी ग़लती पर अड़ा रहे उसे क्या हक़ है कि वह दूसरों से कहे कि वे अपना भ्रष्टाचार और अपनी ग़लतियां छोड़ दें।
भाई खुशदीप जी ने हिंदी में पोस्ट्स लिखीं, कोई कमाल नहीं किया। जो लिखना जानता है, वह लिख ही लेता है। उन्होंने बहुत से ऊंचे-ऊंचे उसूलों की बातें कीं और बहुत सारी वाह-वाह और टिप्पणियां बटोरीं। हालत यह हो गई कि अगर वे दीवार पर पेशाब करते हुए नंगे बच्चे की फ़ोटो गूगल से उठाकर भी लगा देते थे तो अच्छे ख़ासे लोग अक्ल ताक़ पर रखकर वाह-वाह करने चले आते थे। सब कुछ ठीक चल रहा था तो उनकी ब्लॉगिंग भी ठीक चल रही थी लेकिन जैसे ही दिल पर एक चोट पर पड़ी तो उन्होंने अपने क़लम का सिर क़लम कर डाला।
यह क्या बात हुई ?
आप अपने क़लम की हत्या किस कुसूर के बदले कर रहे हैं ?
जो लोग अपनी बड़ाई में जीते हैं वे मुश्किल इम्तेहान के वक्त ऐसे ही टूट कर बिखर जाया करते हैं। एक पुण्य प्रसून जी के दिल पर चोट का तो इतना अहसास लेकिन पूरी हिंदी ब्लॉगर बिरादरी का दिल जो खुद तोड़ रहे हैं, उसका ज़रा अहसास नहीं है ?
फिर आपमें और सम्मेलन के आयोजकों में अंतर ही क्या बचा ?
उन्होंने भी अपनी मनमानी की और ब्लॉगर्स की और चीफ़ गेस्ट की उपेक्षा की और जनाब भी यही कर रहे हैं ?
आप तो हिंदी की सेवा कर रहे थे ?
आप तो समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए कोशिशें कर रहे थे ?
बल्कि आप तो खुद हमें भी समझा रहे थे कि
‘इंतक़ाम की नीति ठीक नहीं है ?‘
अगर हमारे लिए ठीक नहीं है तो आप खुद इंतक़ाम लेने पर क्यों तुल गए जनाब ?
बल्कि आप तो इंतक़ाम भी नहीं ले रहे हैं, आप तो सरासर जुल्म कर रहे हैं।
हमें जिन दो लेखकों से कुछ प्रॉब्लम थी, उनकी ही आलोचना हम कर रहे थे और वह भी पूरी तरह सैद्धांतिक आधार पर और क़ानूनी दायरे में, जिससे हिंदी ब्लॉगिंग को कोई भी नुक्सान नहीं पहुंच रहा था बल्कि हिंदी ब्लॉगिंग को रोज़ाना पठनीय और मनोरंजक पोस्ट्स मिल रही थीं।
जबकि आप जो कर रहे हैं उससे श्री अविनाश वाचस्पति और श्री रवीन्द्र प्रभात जी का तो एक रत्ती का नुक्सान न होगा लेकिन हिंदी ब्लॉगिंग अपने एक ब्लॉगर से वंचित हो जाएगी। जिन लोगों ने आपको हर्ट किया आप भी उन्हें हर्ट कीजिए हमारी तरह अगर आपमें हिम्मत है तो लेकिन बेचारी हिंदी और बेकुसूर क़लम पर अपना गुस्सा क्यों निकाला जा रहा है ?
हम पहले ही बता रहे थे कि ये दोनों लोग जो कार्यक्रम कर रहे हैं, उसमें सैद्धांतिक दोष हैं लेकिन तब तो हमारी जनाब ने सुनी नहीं और जब अपने हाथ जला लिए तो हिंदी ब्लॉगिंग से ही अपने हाथ खींच लिए।
जनाब कह रहे हैं कि मुझे पता नहीं था कि ईनाम सी. एम. साहब के हाथों मिलने वाले हैं। चलिए जब आपने देख लिया था कि वे ही दे रहे हैं तो फ्रेश होने के बहाने उठकर इधर-उधर हो जाना चाहिए था न ?
कहते हैं कि एक-दो दोस्तों ने कह दिया था कि पुरस्कार ज़रूर लेना।
हमसे मुहब्बत करने वालों में शराबी और व्यभिचारी भी हैं और दूसरे पाप करने वाले भी, उन्होंने तो आज तक हमसे ग़लत काम करने के लिए न कहा और अगर वे कहेंगे तो हम उन्हें मना कर देंगे।
दोस्तों ने कह दिया था इसलिए ग़लत काम कर लिया। जो आदमी दोस्तों के कहने से सिद्धांतों से समझौता कर ले तो उसकी प्रतिबद्धता अपने दोस्तों के प्रति हुई न कि सिद्धांतों के प्रति। हिंदी ब्लॉगर्स में यह एक आम दोष है।
बल्कि हम तो यह कहेंगे कि जनाब अपने दोस्तों के प्रति भी वफ़ादार नहीं हैं।
जब वे दो दोस्तों के कहने से एक ग़लत काम कर सकते हैं तो सौ दोस्तों के कहने से सही काम क्यों नहीं कर सकते ?
सौ ब्लॉगर कह रहे हैं कि भय्ये ब्लॉगिंग मत छोड़, मत छोड़ पर बंदा है कि अब तक नहीं कहा है कि ठीक है दोस्तो जैसी आपकी इच्छा।
ये हैं जनाब खुशदीप जी। आज़माइश का एक मामूली सा झोंका आया और जड़ समेत उखड़ गए।
जबकि इनके साथ वैसा अपमानजनक रवैय्या तो ब्लॉग जगत ने किया ही नहीं है जैसा कि हमारे साथ किया गया और सारा ब्लॉग जगत इसका गवाह है। जिन्होंने हमारे साथ बदतमीज़ी की हमने उनकी खाल में भुस भर दिया और जिन्होंने हमें प्यार दिया हमने उनका शुक्र अदा किया। कभी एक की सज़ा दूसरे को न दी और हिंदी को तो कभी दी ही नहीं। हिंदी हमारी मातृभाषा है, इसमें लिखना छोड़ने की सोचने से पहले हम मर जाना पसंद करेंगे।
लेकिन जनाब खुशदीप जी कह रहे हैं कि अब हम हिंदी में ब्लॉगिंग नहीं करेंगे, हां, ज़रूरी हुआ तो इंग्लिश में कर लेंगे। अपनी जुबान से परहेज़ और इंग्लिश में करने के लिए तैयार ?
वाह भई वाह, यह कैसा उसूल है ?
यह कैसी सेवा है हिंदी की ?
इनकी कोई बात किसी भी क़ायदे पर पूरी नहीं उतर रही है।
ब्लॉगिंग छोड़नी है तो छोड़ दीजिए लेकिन अपने आप को उसूलपसंद मत दिखाइये।
आप एक मनमौजी आदमी हैं। वक्तगुज़ारी के लिए लिख रहे थे लेकिन अब दिल उखड़ गया है तो भाड़ में जाए ब्लॉगिंग, ऐसा मन बना चुके हैं।
हम बिल्कुल कोई अपील नहीं कर रहे हैं कि
‘खुशदीप जी, आप ब्लॉगिंग न छोड़ें, आप अच्छा लिखते हैं आदि आदि।‘
हम ऐसे किसी आदमी से कोई अपील क्यों करें जिसे अपने अपमान के सामने दूसरों के सम्मान की कोई चिंता ही नहीं है ?
जो आदमी सारे ब्लॉग जगत की बात गिरा रहा है, उससे हम भी अपील करके क्यों ज़िल्लत उठाएं ?
मत लिखना भाई, आज के बाद बिल्कुल कहीं मत लिखना हिंदी में। ब्लॉग ही क्या घर में डायरी भी मत लिखना हिंदी में। बात भी अब इंग्लिश में ही किया कीजिएगा।
सब्ज़ी वाले से लेकर हर हर आदमी से इंग्लिश में ही बात कीजिएगा और कोई पूछे तो बताना उन लोगों को कि एक बार हिंदी ब्लॉगर सम्मेलन में सम्मानित होने गया था, बस तब से ही दिमाग़ घूमा हुआ चल रहा है।
दिमाग़ तो हमारा भी घूमा हुआ है ऐसे बेढब करतब देखकर। दुख की बात यह है कि ये लोग बड़े बने बैठे हैं, हिंदी ब्लॉगिंग के मार्गदर्शक बने बैठे हैं, शर्म आनी चाहिए।
जब हम लिखते हैं तो फिर अपने नफ़े-नुक्सान से बेपरवाह होकर लिखते हैं।
भावनाएं आहत होने की वजह से ब्लॉगिंग छोड़ते तो हम छोड़ते, जब हमने नहीं छोड़ी तो फिर किसी के लिए भी हिंदी ब्लॉगिंग से दामन छुड़ाना जायज़ नहीं है।
हम आज भी खड़े हैं अडिग और अविचल।
जो हमें अपमानित करने की कोशिश करता है तो या तो हम उसे माफ़ कर देते हैं या फिर उससे बदला चुकता कर लेते हैं।
अपना तो सीधा सा उसूल है।
देर तक किसी के लिए हम अपने मन में फ़ितूर पालते ही नहीं।
जिनसे हम लड़-झगड़ लेते हैं, नफ़रत तो हम उनसे भी नहीं करते और हम हिंदी को तो क्या छोड़ेंगे हम तो उनसे भी किनारा नहीं करते जो हमें गालियां देते हैं।
‘हिंदी ब्लॉगर्स फ़ोरम इंटरनेशनल‘ में हमने ऐसे कई लोगों को सदस्य बनाया। नतीजा यह है कि आज वे गालियां नहीं देते। वे भी आदमी ही हैं। उनके पास भी दिल है। आज उनका एक ख़याल है तो कल दूसरा भी हो सकता है।
रवीन्द्र जी और अविनाश जी की हमसे ज़्यादा आलोचना तो आज तक किसी ने की ही नहीं होगी लेकिन इसके बावजूद उनके दिल भी शायद यह जानते होंगे कि हमें उनसे रंजिश कुछ भी नहीं है।
अविनाश वाचस्पति जी की एक बड़ी खूबी तो यह है कि आप उन्हें उनकी कमी बताएंगे तो वह तुरंत अपनी ग़लती मान लेंगे। ऐसे आदमी से नाराज़ होना तो बिल्कुल ग़लत है। अविनाश जी को आप उनकी ग़लती बताएं ताकि वे उन्हें सुधार सकें। उनके नमक का इतना हक़ तो बहरहाल बनता ही है।
हमने तो उनका नमक खाया नहीं है लेकिन फिर भी यह सब कह रहे हैं।
ग़लत बात पर चुप हम रह नहीं पाते हालांकि हमारे ‘षटमित्रों‘ ने हमें समझाया था कि आप ऐसे न लिखा करें और हमने भी तय कर लिया था कि अब हम भी दो-टूक न कहकर ज़रा घुमाकर लिखा करेंगे लेकिन...
ख़ैर !

Sunday, May 1, 2011

खुशदीप जी जल्दी ही लौट आयेंगे , एक Brake के बाद


हालांकि ख़बर तो कुछ यूं बननी चाहिए थी कि खुशदीप जी ने छोड़ दी है हिंदी ब्लॉगिंग। लेकिन यह एक झूठी बात होती। आदमी आवेश में आकर ग़लत फ़ैसले ले ही लेता है और फिर जब उसे अहसास होता है कि वह गुस्से में आकर अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार बैठा है तो वह अपने फ़ैसले से पलट जाता है और कहता है कि उसने अमुक आदमी के समझाने पर या अमुक कारण से अपना विचार बदल दिया है। तब भी वह स्वीकार नहीं करता कि उसका फ़ैसला ग़लत था। जल्दी ही आप खुशदीप जी के बारे में भी ऐसा ही होता देखेंगे।
इस विषय में ज़्यादा जानकारी के लिए आप देख सकते हैं:

Friday, April 29, 2011

आज के दिन बस केवल प्यार, शुभकामना और बधाईयां by DR. ANWER JAMAL


आज का दिन, बहुत से हिंदी ब्लॉगर्स के लिए, ईनाम का दिन है, उनके लिए खुशी का दिन है। वे तमाम ब्लॉगर्स हमारा ही अंग हैं। जब यह दिन उनके लिए खुशी का दिन है तो यह हमारे लिए भी खुशी का दिन है। यह दिन एक परिकल्पना और एक सपने के साकार होने का दिन है। इस सपने को विशेष रूप से साकार किया है श्री रवीन्द्र प्रभात जी ने और श्री अविनाश वाचस्पति जी ने और बहुत से दीगर ब्लॉगर्स ने भी इस मुहिम में उनका साथ दिया है, इसके लिए ईनामयाफ़्ता ब्लॉगर्स के साथ हम भी उनके शुक्रगुज़ार हैं।
आज का सम्मेलन बिना किसी विघ्न के सकुशल संपन्न हो, ऐसी कामना हम कर ही चुके हैं लिहाज़ा आज हम केवल प्यार-मुहब्बत बढ़ाने वाली बातें ही करेंगे ताकि आयोजकों का उत्साह बना रहे। इसके अलावा किसी प्रकार का सहयोग यदि वे हमसे चाहें तो हम उसके लिए भी हाज़िर हैं।
किसी भी बड़े सम्मेलन का आयोजन आसान नहीं होता। यह बात भी नज़र में रहनी चाहिए। इसे एक स्वस्थ प्रतियोगिता के रूप में लिया जाए तो कई समस्याओं का सिर क़लम हो जाएगा।
ऐसा इसलिए कि हम जिसे प्यार करते हैं, जिसे सम्मान देते हैं, जो कोई उन्हें प्यार और सम्मान देता है, उसे भी प्यार और सम्मान ही दिया जाता है। इस सम्मेलन में ऐसी एक नहीं बल्कि कई हस्तियां ऐसी हैं जिन्हें प्यार और सम्मान देते हैं।
ऐसा करना इसलिए भी ज़रूरी है ताकि लोगों को पता चल सके कि हम सब एक हैं और कोई भी व्यक्तिगत राय सामूहिक प्रेम से ऊपर नहीं होनी चाहिए। हरेक बात की एक मर्यादा और एक समय निश्चित है और आज का समय केवल प्यार, शुभकामना और बधाईयों का है। लिहाज़ा हमारी ओर से सभी जनों को भरपूर प्यार, शुभकामना और ढेर सारी बधाईयां।
इस अवसर पर हिंदी ब्लॉगर्स की जो पुस्तकें आज ब्लॉग जगत के सुपुर्द की जाएंगी, वे लोगों के लिए मुफ़ीद हों, इसके लिए भी हम अपने मालिक से दुआ करते हैं।
ईनाम छोटा हो या बड़ा, देता मालिक ही है, चाहे हाथ किसी का भी हो। वह मालिक किसी की मेहनत को बेकार नहीं जाने देता। एक दिन वह भी आने वाला है जबकि वह मालिक खुद अपने बंदों को ईनाम देगा। उस दिन भी वे लोग अपने मालिक से ईनाम पाने वाले बनें जो कि आज ईनाम पा रहे हैं, ऐसी हमारी दुआ है। मालिक हर चीज़ से बड़ा है और उसका ईनाम भी सबसे बड़ा ईनाम है। छोटा ईनाम हमारे लिए बड़े ईनाम तक पहुंचने का ज़रिया बन जाए।
आमीन !
सुम्मा आमीन !!

Thursday, April 28, 2011

क्या आपने देखा सलीम खान का वह चर्चित इंटरव्यू जो लिया गया आज सुबह It's hot.

'तारीफ़ और खुशामद में फ़र्क़' Praise

डाक्टर श्याम कुमार गुप्ता जी हमारे अर्द्धमित्रों  में से एक हैं . उनसे हमारी चुहल चलती ही रहती है. उन्हें हमारे बिना चैन नहीं पड़ती और हमें उनके बिना . आज वह हमसे बहस कर रहे हैं 'खुशामद' पर. हमने शालिनी जी की थोड़ी सी तारीफ़ क्या कर दी कि उन्होंने हमें आड़े हाथों ले लिया . हमने उन्हें समझाया कि भाई साहब यह खुशामद नहीं है बल्कि तारीफ़ है, लेकिन वह श्याम गुप्ता जी हैं कोई साधारें आदमी नहीं जो सही बात तुरंत मान जाएँ . लिहाज़ा हम 'तारीफ़ और खुशामद में  फ़र्क़' बताने  के लिए यह आर्टिकल 'भास्कर. कॉम' से साभार पेश कर रहे हैं . आप भी समझिये और डाक्टर साहब को भी समझिए:
    
गोपालकृष्ण गांधी
सिक्के की तरह सराहना के भी दो पहलू होते हैं। एक वह जो सराहता है। दूसरा वह जिसे सराहा जाता है। पहले सराहना करने वाले के बारे में विचार करते हैं। आभार, प्रशंसा, अनुमोदन या सराहना का प्रारंभिक और सबसे विशुद्ध स्वरूप वह होता है, जिसमें शब्दों या संकेतों की कोई भूमिका नहीं होती। 
यह मूक आभार किसी नवजात शिशु द्वारा उन हाथों के प्रति प्रदर्शित किया जाता है, जो उसे अपने कलेजे से सटाकर रखते हैं। अक्सर ये हाथ मां के होते हैं। आभार का इससे सच्चा स्वरूप कोई दूसरा नहीं है। सराहना के लिए एक शब्द का इस्तेमाल किया जाता है : शाबाश। इसमें प्रशंसा के साथ ही प्रोत्साहन का भी भाव होता है। 
जब हम अभिनव बिंद्रा या विजेंदर सिंह, सचिन तेंदुलकर या साइना नेहवाल को शाबाशी देते हैं तो हम उनके खेल की सराहना करने के साथ ही उनकी हौसला अफजाई भी करते हैं। जब यही सराहना बड़े-बुजुर्गो द्वारा की जाती है तो उसे आशीष या मंगल कामना कहा जाता है। 
बुजुर्गो की सराहना में प्रशंसा के साथ ही प्रार्थना का भी भाव होता है। प्रार्थना यह कि हम इसी तरह यश प्राप्त करते रहें। सराहना का एक और रूप वह है, जिसमें अनुमोदन होता है। जैसे : ‘बहुत खूब, लगे रहो’। इसमें श्रेय देने का भाव होता है। इस सराहना में हमारी उपलब्धियों के लिए हमारी पीठ थपथपाई जाती है। लेकिन कुछ लोग इस तरह सराहना करते हैं, जैसे उसके एवज में उन्हें भी कुछ चाहिए।
इशारों की दुनिया में शब्दों की कोई जरूरत नहीं होती, जैसे तालियां बजाना। आम तौर पर किसी व्यक्ति को सराहने के लिए तालियां बजाई जाती हैं। लेकिन तालियों में कुछ-कुछ ‘आरोहण’ जैसी बात होती है। जैसे कोई चीज हमें ऊपर उठा रही हो। यह ऐसा ही है, जैसे सराहना के ‘सा’ को मंद्रसप्तक से तारसप्तक में पहुंचा दिया गया हो। 
विनम्रतापूर्वक आभार जताने के लिए हम धीमे-से तालियां बजाते हैं। सराहना में तालियों का स्वर थोड़ा ऊपर उठ जाता है। जबकि प्रशंसा में बजाई गई जोरदार तालियां वे होती हैं, जिनसे सभागार गूंजने लगता है। लेकिन शायद तालियों के माध्यम से सराहना की सबसे सशक्त अभिव्यक्ति वह होती है, जब तालियां दिमाग से नहीं, दिल से बजाई जाती हैं। 
सराहना में जब भावना शामिल हो जाती है, तब तालियां थमना नहीं चाहतीं। वे खुशी के मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहतीं। तालियां देर तक बजती हैं और अपने उल्लास को दूर तक पहुंचा देती हैं। प्रशंसा के इस स्वरूप में थोड़ा निस्वार्थ भाव भी है। 
यह ऐसी प्रशंसा है, जो फुहारों की तरह पूरे हृदय से अपने अनुग्रह को व्यक्त करती है। इस प्रशंसा का कारण कुछ भी हो सकता है : कोई ऐसा गीत, जो दिल को छू गया हो। किसी बल्लेबाज द्वारा खेली गई कोई महान पारी या किसी एथलीट द्वारा किया गया शानदार प्रदर्शन। या नेक इरादों के साथ किया गया कोई काम, जिसके प्रति हमारे मन में सराहना फूट पड़ी हो। 
मैंने करतल ध्वनि के साथ की गई इस तरह की सराहना देखी है। जब बांग्लादेश के पितृपुरुष शेख मुजीबुर्रहमान कैद से छूटकर दिल्ली पहुंचे और जब नेल्सन मंडेला बेड़ियों से मुक्त हुए, तब उनका स्वागत इसी तरह किया गया था। मैं कल्पना कर सकता हूं, नजरबंदी से मुक्त होने के बाद स्वतंत्रतापूर्वक अपने देश की यात्रा कर रहीं आंग सान सूची का भी इसी तरह स्वागत किया जाता होगा, क्योंकि म्यांमार के लोग उन्हें प्यार करते हैं।
इन सभी में सराहना करने वाले और सराहे जाने वाले समान हैं। दोनों एक-दूसरे के परिपूरक हैं। लेकिन सराहना का एक स्याह पहलू भी है। मैं इसे मनुष्य के स्वभाव की चालाकी ही कह सकता हूं, जिसके कारण सराहना अभिव्यक्ति के स्थान पर एक उपकरण बनकर रह गई है। 
सही अनुपात में की जाने वाली सराहना वह है, जो किसी व्यक्ति की उपलब्धियों के अनुरूप होती है। लेकिन जब गुणगान के गणित के तहत अतिशयोक्ति के साथ सराहना की जाती है तो उसका स्वरूप विकृत हो जाता है। खुशामद के मकसद से की जाने वाली सराहना एक रोग की तरह होती है। यह संक्रामक रोग है। अतिशयोक्तियां बढ़ती जाती हैं, अंकगणित की गति से नहीं, बल्कि बीजगणित की चाल से।
लेकिन यह कोई नई बात नहीं। खुशामद या चाटुकारिता के मकसद से की जाने वाली सराहना उतनी ही पुरानी है, जितना कि हमारा महाकाव्यात्मक साहित्य। सराहना है ‘प्रशंसा’। खुशामद है ‘प्रशस्ति’। हमें आजकल के उन लोगों को दोषी नहीं ठहराना चाहिए, जिन्होंने सराहना की स्वाभाविक कला को खुशामद के विज्ञान का रूप दे दिया है। 
वास्तव में वे एक लंबी और स्थापित परंपरा का अनुसरण कर रहे हैं। फर्क केवल इतना है कि उसमें उन्होंने कुछ और नई चीजें जोड़ दी हैं। लेकिन उन्हें दोषी नहीं ठहराने का यह मतलब नहीं कि हमें उनका अनुसरण करना चाहिए। खुशामद के भी दो पहलू होते हैं। 
एक वह जो खुशामद करता है, दूसरा वह जिसकी खुशामद की जाती है। संस्कृत में खुशामद के लिए एक शब्द है : मुखस्तुति। यह एक शब्द ही सारी कहानी बयां कर देता है। किसी व्यक्ति के सामने उसकी प्रशंसा करने का अर्थ है मुखस्तुति। यह किसी व्यक्ति के पीछे उसकी निंदा करने जितना ही बुरा है। सराहना की ही तरह खुशामद के भी कई प्रकार होते हैं। 
वार्षिक कार्यक्रम उत्सव का अवसर होते हैं, लेकिन वे खुशामद का मंच बनकर रह गए हैं। इतना ही नहीं, इस तरह के आयोजनों में खुशामद की होड़ भी लग जाती है। यदि कोई कहता है कि यह एक महान व्यक्ति की जयंती है, तो दूसरा कहता है यह महानतम व्यक्ति का जन्म दिवस है। 
हम फैलाव और स्फीति के युग में जी रहे हैं। गद्य फैलकर लफ्फाजी बन जाता है। कविता फैलकर महाकाव्य बन जाती है। नाटक फैलकर अतिनाटक बन जाता है। जब मुखस्तुति का क्रम साल-दर-साल जारी रहता है तो जिनकी स्तुति की जा रही है, वे भी अंतत: यह महसूस करने लगते हैं कि वे वास्तव में विशिष्ट हैं। 
लेकिन जो व्यक्ति प्रबुद्ध हैं, वे खुशामद करने वालों को टोक देते हैं। वे कहते हैं : ‘ठहरो, मुझे या अपने आपको भुलावे में न रखो। यदि मैं अच्छा काम कर रहा हूं, तो मुझे प्रोत्साहित करो, लेकिन मेरी खुशामद मत करो।’ लेकिन खुशामद की आदत बदस्तूर जारी रहती है। 
जिन लोगों की खुशामद की जाती है, उनसे मैं एक बात कहना चाहूंगा। शायद उन्हें इस पर विश्वास न हो, लेकिन खुशामद वास्तव में घृणा का एक स्वरूप है। आपकी खुशामद करने वाला व्यक्ति वह है, जो आपसे डरता है या आपसे ईष्र्या करता है। 
शायद वह आपसे इतना पीछे है कि वह खुशामद की हवा पर सवार होकर आप तक पहुंचना चाहता है। लेकिन खुशामद के खतरों के प्रति सजग होने के बावजूद हमें वास्तविक सराहना जारी रखनी चाहिए। ईमानदारी से की गई सराहना तोहफों की तरह होती है। तोहफों को सहेजकर नहीं रखा जाता। 
न ही उन्हें व्यर्थ जाने दिया जाता है। उन्हें सही अवसर पर सहजता और ईमानदारी के साथ उपयुक्त व्यक्ति को दिया जाता है। तोहफे कभी भी पात्रता से कम या ज्यादा नहीं होते।
                                                - लेखक पूर्व प्रशासक, राजनयिक व राज्यपाल हैं। 

Tuesday, April 26, 2011

एक खुला न्यौता सबके लिए Invitation

आप सादर  आमंत्रित हैं मेरे दो ब्लॉग का सदस्य बनने के लिए 
किसी भी विचारधारा का ब्लॉगर इसका सदस्य बन सकता है .